टिनप्लेट प्रोजेक्ट साइट पर हादसे में 26 वर्षीय ठेका कर्मी की मौत, जांच शुरू
हादसे के बाद प्रोजेक्ट साइट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा स्टील की कंपनी टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार को लेकर चल रहे कार्य के दौरान शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय ठेका कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान मेसर्स पुरनमल के कर्मचारी के रूप में हुई है। वह बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, टिनप्लेट प्रोजेक्ट साइट पर इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट (E&P) के तहत काम चल रहा था। इसी दौरान मृतक मोबाइल एलिवेटिंग वर्क प्लेटफॉर्म (MEWP) पर मेंटेनेंस का कार्य कर रहा था। वह बूम और बूम स्टैंड के बीच काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक ऑपरेटर द्वारा बूम को नीचे कर दिए जाने से वह उसकी चपेट में आ गया। बूम और बूम स्टैंड के बीच छाती बुरी तरह फंस जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तत्काल बाद मौके पर मौजूद कर्मियों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्रोजेक्ट साइट को सील कर दिया गया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किस परिस्थिति में ऑपरेटर द्वारा बूम को नीचे किया गया और उस समय सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं।
हादसे के बाद टाटा स्टील के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। घटना को लेकर कंपनी स्तर पर भी जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुए इस हादसे ने प्रोजेक्ट साइट पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
टाटा स्टील ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार और परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। कंपनी के अनुसार, सभी कार्यस्थलों पर कर्मचारियों एवं श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है तथा अपने सभी परिचालनों में उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है।

