चतरा उपायुक्त रवि आनंद ने किया प्रसिद्ध चुंदरू धाम का निरीक्षण
श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा को लेकर हाई मास्ट लाइट व हैलोजन लगाने के निर्देश, धूल से निजात के लिए जल छिड़काव का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा: उपायुक्त रवि आनंद ने बुधवार को टंडवा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध चुंदरू धाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में महत्वपूर्ण इस परिसर में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने चुंदरू धाम परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइट एवं पांच हैलोजन लाइट लगाने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए, ताकि संध्या एवं रात्रि के समय यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुविधा मिल सके। चुंदरू धाम क्षेत्र में संचालित विभिन्न परियोजनाओं से उत्पन्न धूल एवं डस्ट की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित परियोजनाओं को नियमित रूप से जल छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आवागमन करने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को धूल से होने वाली परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा पर्यावरण एवं जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उपायुक्त ने चुंदरू धाम में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने चुंदरू धाम के समग्र विकास एवं आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अंचल अधिकारी, टंडवा गौरव कुमार से आवश्यकताओं से संबंधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, टंडवा प्रखंड विकास पदाधिकारी टंडवा देवलाल उरांव, अंचल अधिकारी गौरव कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

