17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’
घाटशिला में पूर्वी सिंहभूम भाजपा की जिला कार्यशाला, सेवा और राष्ट्रनिर्माण को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम भाजपा की जिला कार्यशाला होटल आनंदिता, घाटशिला में आयोजित हुई।
जिला अध्यक्ष संजीव सत्या तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह और जिला प्रभारी दिनेश कुमार मौजूद रहे।
गीता कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जनसेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सीमा सिंह ने महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की अपील की। जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि “सत्ता साध्य नहीं, जनसेवा का माध्यम है।” उन्होंने अभियान को मंडल से लेकर बूथ स्तर तक सफल बनाने का निर्देश दिया।
जिलाध्यक्ष संजीव सत्या तिवारी ने कहा कि सेवा कार्य भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है और यह अभियान प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए सेवा का अवसर है। कार्यशाला में अभियान के तहत सेवा, सामाजिक सरोकार, जनजागरूकता एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष लखन मार्डी, पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, डॉ. सुनीता देवदूत सोरेन सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

