राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, प्लांट-5 में रामकृष्णा फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को 10वां महारक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जमशेदपुर ब्लड बैंक एवं बीबीडीए के सहयोग से आयोजित शिविर में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का उद्घाटन कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी शक्ति सेनापति और प्लांट हेड कृष्णा कुमार झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की अपील की।
शिविर में कुल 630 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। बताया गया कि संग्रहित रक्त का उपयोग आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना पीड़ितों, थैलेसीमिया, कैंसर तथा अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सुरक्षा इंचार्ज नवीन सिन्हा ने किया। उन्होंने चिकित्सकीय टीम, रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के बीच समन्वय बनाकर शिविर को सुव्यवस्थित किया। आयोजन की सफलता में सीएचआरओ भूपेंद्र सिंह लोधी, एचआर प्रमुख सत्यरंजन खटूआ समेत कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी, जमशेदपुर ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम और बीबीडीए प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

