*फोन पर गाली-गलौज और क्वार्टर पर हंगामे का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
यूसील कॉलोनी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉलोनी में रहने वाली एक महिला अधिकारी ने जादूगोड़ा के एक व्यवसायी और एक महिला नेत्री पर फोन पर अभद्रता, मानसिक प्रताड़ना, क्वार्टर पर हंगामा और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने जादूगोड़ा थाने में लिखित शिकायत देकर स्वयं और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर की रात करीब 12:35 बजे महिला के मोबाइल पर लगातार फोन कॉल आने लगे। आरोप है कि कॉल के दौरान अभद्र भाषा और गाली-गलौज की गई तथा देर रात तक मानसिक रूप से परेशान किया गया। महिला का दावा है कि उसने कॉल रिकॉर्ड और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखे हैं और इन्हें पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपा है।
आवेदन के मुताबिक, 6 सितंबर की सुबह करीब 6:45 बजे आरोपी पक्ष उसके क्वार्टर पहुंचा और हंगामा करने लगा। आरोप है कि दरवाजे पर लात मारी गई, जोर-जोर से चिल्लाया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने बताया कि 3-4 गाड़ियों में लोगों को लाकर मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद वह और उसका परिवार दहशत में है। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और बीच-बचाव किया। महिला ने घटना की जानकारी दक्षिणी ईचड़ा पंचायत की मुखिया को भी दी।
जादूगोड़ा थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदन और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। कॉल डिटेल्स की भी जांच होगी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कथित महिला नेत्री को पूछताछ के लिए थाने में बैठाया है। हालांकि गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

