धनबाद स्टेशन पर ट्रेन से 130 लीटर शराब और बीयर बरामद
RPF की स्पेशल टास्क टीम ने जनरल कोच से बरामद किए 6 बैग और 2 थैले.
राष्ट्र संवाद संवाददाता
धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब के खिलाफ आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच से करीब 130 लीटर केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की कुल अंकित कीमत करीब 38 हजार 160 रुपये बताई गई है। खास बात यह है कि बरामद शराब की बोतलों और बीयर केन पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ लिखा हुआ है। फिलहाल आरपीएफ ने शराब को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देशन में आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम बुधवार को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची।
ट्रेन के पीछे वाले जनरल कोच की जांच के दौरान आरपीएफ जवानों को छह बैग और दो थैले संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग और थैलों के मालिकाना हक को लेकर पूछताछ की, लेकिन किसी भी यात्री ने सामान पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद आरपीएफ जवानों ने सभी बैग और थैलों को खोलकर जांच की। जांच में बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ट्रेन के कम ठहराव को देखते हुए सामान को प्लेटफॉर्म संख्या-3 के हावड़ा छोर पर उतारकर गवाहों की मौजूदगी में इसकी जांच की गई।
जांच में करीब 130 लीटर शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल अंकित कीमत 38 हजार 160 रुपये बताई गई है।
बरामद शराब और बीयर की बोतलों व केन पर ‘FOR SALE IN WB ONLY’ लिखा हुआ था। आरपीएफ ने इसे प्रतिबंधित सामग्री मानते हुए गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया और सभी सामान को आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया।
मामले में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है। अब जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सुपुर्द किया जाएगा।

