अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर डालसा ने मानगो चौक पर चलाया जागरूकता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से मानगो चौक पर युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज महतो और जोबा रानी बास्के ने युवाओं को उनके अधिकारों, विधिक सहायता और युवा विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। युवाओं को उनकी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान बताया गया कि युवा सामाजिक और आर्थिक बदलाव की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना समाज की जिम्मेदारी है। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 2026 की थीम ‘अलग परिस्थितियां, समान आकांक्षाएं’ है, जो दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले युवाओं के समान सपनों और जरूरतों को रेखांकित करती है।
डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पीएलवी के माध्यम से युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया।

