राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई।
बैठक में जिले की पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति और हाउसहोल्ड कनेक्शन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सिंगल विलेज स्कीम (SVS) एवं मल्टी विलेज स्कीम (MVS) के तहत छूटे सभी परिवारों को शीघ्र नल-जल योजना से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने अपूर्ण योजनाओं की सूची तैयार कर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। जिन गांवों और टोलों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, उनका भौतिक सत्यापन कर आवश्यक सुधार एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जल संरक्षण और योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

