सुल्तानगंज पहुंची बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की कांवर यात्रा
1000 कांवरिये अपराध व नशामुक्त जमशेदपुर का लेंगे सामूहिक संकल्प : विकास सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की निशुल्क कांवर यात्रा रविवार को सकुशल सुल्तानगंज पहुंची। संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि सुल्तानगंज पहुंचने पर सभी कांवरियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें सभी स्वस्थ पाए गए। कांवरियों के बीच फल एवं पहचान पत्र का वितरण भी किया गया।
उन्होंने बताया कि सभी कांवरिये दोपहर तीन बजे उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरकर पैदल कांवरिया पथ से देवघर के लिए रवाना होंगे। करीब 1000 कांवरिये अपराध एवं नशामुक्त जमशेदपुर तथा शहर में अमन-शांति कायम रखने का सामूहिक संकल्प लेंगे और बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना करेंगे।
संकल्प के बाद कांवरिये करीब 14 किलोमीटर पैदल यात्रा कर असरगंज स्थित धांधी बिलारी धर्मशाला पहुंचेंगे, जहां भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।

