जगन्नाथपुर पंचायत के साईं विहार कॉलोनी रोड नंबर 10B की बदहाल सड़क से ग्रामीण त्रस्त, वर्षों से नाली के पानी में आवागमन को मजबूर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया।प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत अंतर्गत साईं विहार कॉलोनी, रोड नंबर 10बी के निवासी वर्षों से बदहाल सड़क और जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं। कई स्थानों पर कच्ची सड़क होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि नालियों का निर्माण तो कराया गया है, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा कई स्थानों पर अधूरा नाली छोड़ देने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर ही बहता रहता है।
बताया कि
बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियो का सामना करना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस ओर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की गई। लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही उन्हें मिला है। विकास के दावों के बावजूद आज भी क्षेत्र के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से उक्त सड़क का शीघ्र पक्कीकरण कराने और अधूरी पड़ी नालियों को जोड़कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग करते हुए कहा कि यथाशीघ्र इसपर कार्यवाही नहीं की जाती है तो वे आंदोलन को विवश होंगे।

