इंफाल, तीन अगस्त (भाषा) मणिपुर के उपमुख्यमंत्री लोसी दीखो ने कहा है कि पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत की विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समृद्ध परंपराओं, प्रतिभाओं और अपार संभावनाओं से संपन्न है तथा देश की प्रगति में योगदान दे रहा है। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
दीखो ने यह टिप्पणी रविवार को पुणे में ‘दिवंगत श्रीमती जमनाबाई फिरोदिया नॉर्थ ईस्ट इंडिया भवन – रानी गैदिनल्यू महिला छात्रावास’ की आधारशिला रखने के दौरान की।
नागा स्वतंत्रता सेनानी रानी गैदिनल्यू के नाम पर बनाए जा रहे इस छात्रावास का उद्देश्य उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाली छात्राओं को आवास सुविधा उपलब्ध कराना है।
नागा नेता दीखो ने कहा, “पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत की विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो समृद्ध परंपराओं, अपार प्रतिभा और क्षमताओं से भरपूर है तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे रहा है।”
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि देश के सभी हिस्सों से आने वाले विद्यार्थियों को सहयोग देने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दीखो ने कहा, “जैसे-जैसे भारत विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, हर युवा को, चाहे वह कहीं से भी आता हो, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अवसरों तक समान पहुंच मिलनी चाहिए।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवन छात्राओं को शिक्षा, व्यक्तिगत विकास और भविष्य की सफलता के लिए सुरक्षित, संरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा।

