सावन की पहली सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए देर रात से लगी श्रद्धालुओं की कतार
रांची | सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहाड़ी मंदिर में रविवार देर रात से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सोमवार सुबह करीब 3 बजे मंगला आरती और विशेष पूजा-अर्चना के बाद सुबह 4 बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जिसके बाद “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, पूरे मंदिर परिसर की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से की जा रही है।
पहाड़ी मंदिर समिति के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन और जलाभिषेक कराने में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्वक जलाभिषेक करने की अपील की है।

