बागबेड़ा में पुलिस का नशा मुक्ति अभियान, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बागबेड़ा थाना क्षेत्र में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास नशे के अवैध कारोबार या नशीले पदार्थों के सेवन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

