राजनीतिक कार्यकर्ताओं को देश की राजनीति का गहन अध्ययन करना चाहिए : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित आवास पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं को केवल अपनी विचारधारा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश की राजनीतिक परिस्थितियों, इतिहास और विभिन्न विचारधाराओं का भी गंभीर अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में क्या हो रहा है और विभिन्न राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी एक जागरूक कार्यकर्ता के लिए आवश्यक है।

सरयू राय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिद्धांतों के प्रति अडिग, राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले नेता थे। उन्होंने कश्मीर के भारत से पूर्ण एकीकरण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया और परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न विचारधाराओं के साथ भी देशहित में काम किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सभी राजनीतिक विचारधाराओं को समझने और व्यावहारिक राजनीति को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के संकल्प को आज देश में साकार होते देखा जा सकता है। इस अवसर पर प्रवीण सिंह, चुन्नू भूमिज और उषाय यादव ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन कुलविंदर सिंह पन्नू तथा धन्यवाद ज्ञापन विकास साहनी ने किया।

