SIR-2026 में धीमी प्रगति पर उपायुक्त सख्त, रामगढ़ के तीन मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।।
रामगढ़ में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत कार्यों में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को उन मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया, जहां कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं थी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, घर-घर सर्वे और डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज ने 23 रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 2, 8 और 82 का औचक निरीक्षण किया। इन केंद्रों पर कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने की सूचना के बाद उपायुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, घर-घर जाकर किए गए सर्वे, मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति तथा उनके डिजिटाइजेशन कार्य का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही बीएलओ से अब तक वितरित और प्राप्त प्रपत्रों की जानकारी लेने के साथ कार्य में आ रही समस्याओं की भी जानकारी हासिल की।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन आयोग का यह विशेष अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजर्स को शत-प्रतिशत घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित करने, समय पर प्रपत्र प्राप्त करने तथा सभी प्रविष्टियों का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही और अद्यतन रूप में मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति धीमी है, वहां विशेष अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने तथा प्रतिदिन समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नियमित मॉनिटरिंग, क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने और बीएलओ को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि SIR-2026 अभियान का सफल एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

