बोकारो में NH-32 पर बीती देर रात भीषण सड़क हादसा। शादी से लौट रहे 3 युवकों की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत*, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, परिजनों में कोहराम। बोकारो के पिंडरा जोड़ा थाना क्षेत्र की है घटना।
बताते चले कि बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र में बीती रात्रि रात करीब 1:30 बजे NH-32 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। मृतक बोराडीह गांव में शादी समारोह से घर लौट रहे थे।
पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि बेडानी मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतकों की पहचान भंड्रो गांव निवासी 18 वर्षीय आर्यन महतो पिता हीरालाल महतो, 19 वर्षीय अमर कुमार महतो पिता अमृत महतो और संथालाडीह निवासी 20 वर्षीय सुमित गोरांई पिता दुलाल महतो के रूप में हुई है। सुमित भवानीपुर साइड सांगजोरी का रहने वाला था।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को देर रात अनुमंडल अस्पताल में रखवाया गया। सुबह पहचान के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक सोमवार रात 8 बजे बोराडीह में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापस लौटते समय ये हादसा हुआ।
इस घटना में आर्यन महतो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। तीनों की मौत से गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। NH-32 पर लगे CCTV खंगाले जा रहे हैं।

