राष्ट्र संवाद संवाददाता
उपयुक्त नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज एवं उत्पाद निरीक्षकों द्वारा शनिवार को गम्हरिया तथाआदित्यपुर क्षेत्र स्थित विभिन्न बार एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में स्थापित सीसीटीवी व्यवस्था, लाइसेंस एवं अभिलेखों, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उन्होंने जांच की। साथ ही, संचालकों को प्रशासन एवं विभाग द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में सभी बार एवं रेस्टोरेंट संचालकों को 21 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को बार परिसर में प्रवेश अथवा मदिरा परोसने की अनुमति नहीं देने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा किसी भी प्रकार के डीजे, लाइव म्यूजिक अथवा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के उपरांत ही करने को कहा गया। इस दौरान सभी प्रतिष्ठानों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने, बार परिसर एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले आई.पी. आधारित सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर क्रियाशील रखने तथा सीसीटीवी फुटेज को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने का भी निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यक सुरक्षा जांच एवं पहचान सत्यापन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने और निर्धारित क्षमता एवं लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही प्रतिष्ठान का संचालन करने का निर्देश दिया गया। विदित है कि उपायुक्त ने निर्देशित किया है कि सभी बार एवं रेस्टोरेंट संचालक निर्धारित नियमों, लाइसेंस की शर्तों एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। विशेष रूप से 21 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों के प्रवेश एवं उन्हें मदिरा परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से पालन किया जाएगा। साथ ही, सभी सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी व्यवस्था एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का हर स्थिति में अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान एवं संचालकों के विरुद्ध प्रचलित विधि के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विदित है कि जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन के प्रति प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आमजन के हित एवं कानून- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

