छात्रों के भविष्य पर राजनीति बंद करे भाजपा : विक्टर सोरेन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने JPSC 11वीं–13वीं, FSO, JSSC-CGL और CDPO से जुड़े मामलों को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अदालत में लंबित मामलों का फैसला न्यायालय करेगा, ऐसे में न्यायिक आदेशों और स्थगन को राजनीतिक मुद्दा बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
विक्टर सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों की मांगों और परीक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई की है। भाजपा पर छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “छात्रों का भविष्य किसी राजनीतिक दल के स्वार्थ का हथियार नहीं है।”
उन्होंने भाजपा से युवाओं को राजनीतिक मोहरा बनाने और राज्य में टकराव की राजनीति से बाज आने की अपील की। सोरेन ने कहा कि झारखंड के युवा जागरूक हैं और वे समझते हैं कि उनके संघर्ष के साथ कौन खड़ा है और कौन राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीतिक नारे नहीं, बल्कि परीक्षा, रोजगार और अवसर का समाधान चाहिए।

