राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। झारखंड अंगीभूत महाविद्यालय इंटरमीडिएट अनुबंध शिक्षक संघ, जमशेदपुर इकाई, झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के समाधान हेतु पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन एवं मांग-पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला परिषद अध्यक्ष को अवगत कराया कि राज्य के अंगीभूत महाविद्यालयों में कार्यरत इंटरमीडिएट अनुबंध शिक्षक लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने अनुरोध किया कि उनकी न्यायोचित मांगों एवं समस्याओं के संबंध में माननीय मुख्यमंत्री, झारखंड सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया जाए, ताकि शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर शिक्षकों को राहत प्रदान की जा सके।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा आश्वस्त किया कि उनकी मांगों एवं समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुँचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और उनकी उचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाना चाहिए।
संघ के प्रतिनिधियों ने जिला परिषद अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके सहयोग से उनकी मांगों पर राज्य सरकार सकारात्मक पहल करेगी।

