राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी बूथ लेवल पदाधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएओ सुपरवाइजरों के साथ मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले में विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, जिनमें से एक हस्ताक्षरयुक्त प्रति वापस ली जाएगी, जबकि दूसरी मतदाता के पास रहेगी। प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जाएगा।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 30 जून की सुबह 8 बजे से सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान शुरू करें तथा प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि हस्ताक्षरयुक्त गणना प्रपत्र प्राप्त करते समय किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा और निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। अभियान के पहले दिन मतदान केंद्रों पर बीएलए-2 के साथ चुनावी पाठशाला का आयोजन तथा मतदाता जागरूकता पोस्टर-बैनरों का प्रदर्शन भी अनिवार्य रहेगा। साथ ही सभी बीएलओ को मौसम को देखते हुए बरसाती, छाता और पेयजल साथ रखने की सलाह देते हुए कहा गया कि यह अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ इसका सफल संचालन सुनिश्चित करें।

