राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो पार्किंग के समीप रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन सवार दो युवक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काले रंग की स्कॉर्पियो (JH05DH 5451) में चार से पांच युवक सवार थे। स्थानीय लोगों का दावा है कि वाहन में मौजूद कुछ युवक नशे की हालत में थे, जिसके कारण तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्कॉर्पियो की टक्कर किसी अन्य वाहन से हुई या किसी अन्य वस्तु से। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

