पूर्वी सिंहभूम में स्काउट-गाइड संगठन के विस्तार पर जोर, अगस्त तक जिला चुनाव कराने का फैसला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: भारत स्काउट एंड गाइड, पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय, आमबागान, साकची में शनिवार को संगठन की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत स्काउट-गाइड प्रार्थना के साथ हुई। जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार के संचालन एवं जिला कब्स कमिश्नर श्याम कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के लगभग 50 स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, नोडल शिक्षक और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने सभी उपस्थित शिक्षकों एवं पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद पूर्व बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए विभिन्न एजेंडों पर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जिले के अधिक से अधिक सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों को भारत स्काउट एंड गाइड से जोड़कर उनका पंजीकरण कराया जाएगा। साथ ही प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय सोपान प्रशिक्षण शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अगस्त 2026 तक जिला स्तरीय चुनाव संपन्न कराने, चुनाव के लिए राज्य मुख्यालय से अनुमोदन एवं पर्यवेक्षक की नियुक्ति हेतु आवेदन भेजने, जुलाई में राज्य पुरस्कार परीक्षण शिविर आयोजित करने तथा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह के आयोजन पर भी सहमति बनी। इसके अलावा शिक्षकों के लिए एक दिवसीय बिगनर्स प्रशिक्षण शिविर एवं सात दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक के अंत में सहायक आयुक्त (स्काउट) मानस रंजन पात्र ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

