राष्ट्र संवाद संवाददाता
डकैती मामले के लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अमर प्रमाणिक उर्फ “यमराज” को कांड्रा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कांड्रा स्थित नीलाचल कंपनी में बीते वर्ष हुई डकैती के मामले में वह काफी समय से पुलिस की आँखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। इस बावत थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मु ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह हर बार बच निकलने में सफल हो जाता था। गुप्त सूचना के आधार पर बीते सोमवार की रात छापेमारी की गई, जिसमें आरोपी अमर प्रमाणिक उर्फ यमराज को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में फरार वारंटियों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

