अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रघुवर दास ने किया योगाभ्यास, नियमित योग अपनाने का किया आह्वान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। आईडब्ल्यूसी जमशेदपुर एवं सूर्य मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अखिलेश चौधरी ने विभिन्न योगासन और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
इस मौके पर रघुवर दास ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जो आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य, शांति और संतुलन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर और मन दोनों स्वस्थ एवं सक्रिय रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से योग को वैश्विक पहचान मिली है और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत ही समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का आधार हैं। कार्यक्रम में सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

