रामदेव बगान गोलीकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी शुभम कुमार गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के रामदेव बगान में 14 जून की देर रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया है।
डीसीपी संजीव कुमार ने बताया कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे हुई फायरिंग में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा लाइन क्वार्टर नंबर-32 निवासी 29 वर्षीय दीपक कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद गोलमुरी थाना में कांड संख्या 71/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 352 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर 20 जून को आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी गोलमुरी के देबुन बगान स्थित टाटा लाइन का निवासी है तथा उसका स्थायी पता बिहार के सिवान जिले के माहपुर गांव में है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब पीने को लेकर हुए विवाद के दौरान, शराब नहीं पिलाने से नाराज शुभम कुमार ने दीपक कुमार झा पर गोली चला दी थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं थी।

