*गम्हरिया-कांड्रा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ दुर्गोत्सव
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ बुधवार को गम्हरिया, काण्ड्रा समेत आसपास के क्षेत्रों में दस दिनों से चल रहा दुर्गापूजा महोत्सव शांति और उल्लास के बीच संपन्न हो गया। विजयादशमी पर पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने विभिन्न नदी-तालाबों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच भक्तों ने मां को विदाई देते हुए अगले वर्ष फिर आने की कामना की।
छोटा गम्हरिया, टायो कॉलोनी, जगन्नाथपुर, काण्ड्रा कॉलोनी और काण्ड्रा बाजार समेत विभिन्न पूजा पंडालों में महिलाओं ने पारंपरिक सिंदूर खेला की रस्म निभाई। सुहागिनों ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर अखंड सौभाग्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। नदी घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक तैनात रहे, जबकि विसर्जन जुलूसों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से दुर्गोत्सव संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

