बागबेड़ा जलापूर्ति योजना शुरू करने की मांग को लेकर धरना, 15 दिन में काम नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज : किशोर यादव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना को शीघ्र चालू करने की मांग को लेकर रविवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप ग्रामीण विकास संघर्ष समिति के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के संचालक एवं पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव ने किया। धरना में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
धरना को संबोधित करते हुए किशोर यादव ने कहा कि करीब 11 वर्षों से लंबित बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना आज तक पूरी नहीं हो सकी है। प्रशासन द्वारा 14 जून से जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी योजना शुरू नहीं हुई। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी निराशा है।
उन्होंने कहा कि बागबेड़ा, हरहरगुट्टू और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोग आज भी पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गर्मी के दिनों में लोगों को चापाकल, टैंकर और अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। योजना शुरू होने से क्षेत्रवासियों को नियमित शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा और जलजनित बीमारियों पर भी रोक लगेगी।
धरना के दौरान वक्ताओं ने संबंधित विभाग से योजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने और जलापूर्ति शुरू होने की स्पष्ट समयसीमा बताने की मांग की। आंदोलनकारियों ने कहा कि वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, जबकि धरातल पर कोई ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहा है।
धरना के अंत में किशोर यादव ने चेतावनी दी कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर जलापूर्ति योजना चालू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे।
ग्रामीण विकास संघर्ष समिति ने सरकार और जिला प्रशासन से योजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर क्षेत्रवासियों को जल्द शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

