राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर प्रखंड की लुवाबासा पंचायत अंतर्गत धानचाटानी गांव में सांसद निधि से स्वीकृत ग्राम चौपाल निर्माण कार्य का शिलान्यास जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने विधिवत नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि ग्राम चौपाल गांव की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होती है। इसके निर्माण से ग्रामीणों को बैठकों, जनसुनवाई, सामाजिक कार्यक्रमों तथा जनहित से जुड़े विभिन्न आयोजनों के लिए एक बेहतर एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इससे गांव में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा तथा सामाजिक एकता और आपसी समन्वय भी मजबूत होगा।
सांसद श्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। गांवों के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं सामुदायिक अवसंरचना से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्राम चौपाल जैसी सुविधाएं ग्रामीण समाज को संगठित करने और विकास की प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि सशक्त और आत्मनिर्भर गांव ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास एवं जनकल्याण के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं तथा भविष्य में भी जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।
ग्रामीणों ने ग्राम चौपाल निर्माण की स्वीकृति एवं शिलान्यास के लिए सांसद श्री बिद्युत बरण महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

