राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी एवं प्रख्यात कथक कलाकार तड़ित सरकार ने एक बार फिर वाराणसी की ऐतिहासिक धरती पर अपनी कला का जादू बिखेरा। गुरु संदीप बोस एवं सौविक चक्रवर्ती के शिष्य तरित सरकार ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं गेल के सहयोग से आयोजित प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समारोह ‘काशी वंदन’ में नमो घाट पर एकल कथक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। गंगा तट की अनुपम छटा के बीच तरित सरकार ने भगवान शिव को समर्पित शिव वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने राग मालकौंस में निबद्ध सर्गम के माध्यम से तीनताल में कथक के तकनीकी पक्ष की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज द्वारा रचित ‘अधरम् मधुरम्’ कृष्ण पद-अभिनय से हुआ, जिसे राग भैरवी में प्रस्तुत करते हुए तरित सरकार ने अपनी भावपूर्ण अभिव्यक्ति से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। तड़ित सरकार की सशक्त मंच उपस्थिति, आकर्षक लयकारी और प्रभावशाली अभिनय ने उपस्थित दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की। उनकी प्रस्तुति ने एक बार फिर काशी की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया और जमशेदपुर को गौरवान्वित किया।

