टेल्को में बंद घर में चोरी करते रंगे हाथ चोर गिरफ्तार, 15 लाख के जेवर और नकदी बरामद
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टेल्को थाना क्षेत्र में गहन रात्रि गश्ती और टेंगो मोबाइल की निगरानी बढ़ाई गई है। इसी दौरान पुलिस ने एक बंद घर में चोरी की कोशिश कर रहे आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना 26/27 मई की रात की है। गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एलएफएस स्कूल के सामने क्वार्टर नंबर K3/158, टेल्को में एक बंद घर के बाहर बाइक खड़ी कर दो युवक अंदर घुसे हैं। सूचना मिलते ही पु.अ.नि. सोहन लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि घर के बाहर एक स्प्लेंडर बाइक खड़ी थी और दो युवक घर के अंदर ग्रिल के पास ताला काटने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के पहुंचते ही एक आरोपी पीछे के रास्ते अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को कटर से ताला काटते हुए मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम कुमार उर्फ छोटू (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो न्यू विकास कॉलोनी, नामदा बस्ती का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने फरार साथी का नाम मो. राजू उर्फ जीवन बनर्जी उर्फ विजय मुंडा बताया है। दोनों ने बिष्टुपुर, सीतारामडेरा, बागबेड़ा और टेल्को थाना क्षेत्र में कई घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस ने शुभम की निशानदेही पर उसके घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी जैसे कई आभूषण, 58,130 रुपये नकद, ताला काटने वाले उपकरण, कटा हुआ ताला और एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। जांच में बाइक पर लगा नंबर प्लेट भी फर्जी पाया गया।
इस मामले में टेल्को थाना में कांड संख्या 76/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार के खिलाफ पहले भी सोनारी थाना में चोरी का मामला दर्ज है।

