जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर कुंडहित थाना में आगंतुकों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था
निजाम खान।राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: एसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर भीषण गर्मी को देखते हुए कुंडहित थाना परिसर में आने वाले आगंतुकों के लिए ठंडा पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। थाना परिसर में निरोग देशी फ्रीज मिट्टी के घड़े में स्वच्छ पेयजल की सुविधा शुरू होने से आम लोगों को काफी राहत मिल रही है। थाना आने वाले फरियादी, राहगीर एवं अन्य आगंतुक अब गर्मी में आसानी से ठंडा पानी पी सकेंगे।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि थाना केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने का केंद्र नहीं, बल्कि आम जनता की सेवा और सुविधा का भी स्थान है। थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से इस तरह की जनहितकारी पहल आगे भी जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि तेज गर्मी में ठंडा पानी की सुविधा मिलने से काफी राहत महसूस हो रही है।

