मायुराक्षी नदी से दिन-रात अवैध बालू खनन, सरकार को लाखों के राजस्व नुकसान की आशंका
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दुमका: दुमका प्रखंड अंतर्गत शहरघाटी पंचायत के केसियाबहाल क्षेत्र स्थित मौजा खिजुरिया में मायुराक्षी नदी से बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार पोस्ट बास्किचोर्क एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में दिन-रात बालू का अवैध उठाव जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बालू माफिया प्रतिदिन लगभग 50 से 60 ट्रैक्टर बालू नदी से निकालकर विभिन्न क्षेत्रों में भेज रहे हैं। इससे सरकार को भारी राजस्व क्षति हो रही है, वहीं पर्यावरण और नदी के अस्तित्व पर भी खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रहे अवैध खनन से नदी का जलस्तर प्रभावित हो रहा है तथा आसपास की जमीनों के कटाव का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं खनन विभाग से अविलंब जांच कर अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

