राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल प्रखंड के भुईयाडीह स्थित झामुमो कार्यालय परिसर में सोमवार को ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय झामुमो कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत एवं बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहना होगा।
बैठक में एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) एवं आगामी जनगणना को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों को जागरूक करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।
जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो ने, संगठन को बूथ स्तर पर मजबूती का जोर पर बल देते हुए, कार्यकर्ताओं को सुझाव दिए.
बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने एवं आगामी रणनीतियों पर भी मंथन किया गया। मौके पर गुरुचरण किस्कू, चारुचंद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, सुधीर किस्कू,मोहन कर्मकार,बुद्धेश्वर महतो काबलू महतो, बैद्यनाथ टुडू, पिंकी लायेक, कृष्णा किशोर महतो, सचिन गोप, निताई उरांव, अमित सिन्हा, सैय्यद सलाउद्दीन समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।

