*24 जिलों में एक साथ होगा प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा गया आवेदन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन, झारखंड के आह्वान पर राज्य के सभी 24 जिलों में एक सितंबर को एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले में भी पीडीएस दुकानदार जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण धरना देंगे।
कार्यक्रम की सूचना एवं अनुमति को लेकर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपायुक्त को आवेदन सौंपा। प्रदेश उपाध्यक्ष, कोल्हान प्रमंडल संयोजक सह जिला पीडीएस अध्यक्ष फूल कांत झा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता एवं अन्य सहयोगियों ने उपायुक्त को आवेदन दिया।
आवेदन में बताया गया कि जिले के पीडीएस दुकानदार अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। संगठन के प्रदेश नेतृत्व के निर्णय के तहत राज्यभर में एक साथ धरना देकर सरकार एवं प्रशासन का ध्यान इन समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया जाएगा।
जिला मुख्यालय स्थित डीसी कार्यालय परिसर के समीप एक सितंबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे से धरना शुरू होगा। संगठन ने इसे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित करने की बात कही है।
फूल कांत झा ने जिले के सभी पीडीएस दुकानदारों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकजुटता के साथ अपनी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना ही कार्यक्रम का उद्देश्य है।

