राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। चांडिल डैम विस्थापित समन्वय मंच की ग्रामीण संवाद यात्रा के प्रथम सत्र के समापन के बाद शनिवार को नया आईबी स्थित द गोल्डन व्यू रिजॉर्ट में समीक्षा बैठक हुई। इसमें यात्रा के दौरान ग्रामीणों से मिले सहयोग, समस्याओं और संगठनात्मक कमियों पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से ग्रामीण संवाद यात्रा का द्वितीय सत्र जारी रखने का निर्णय लिया गया। इसके तहत ईचागढ़ के शेष विस्थापित गांवों के अलावा नीमडीह, कुकड़ू और चांडिल प्रखंड के विस्थापित गांवों तथा 13 पुनर्वास स्थलों में जाकर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।
प्रतिनिधियों ने कहा कि चांडिल डैम से विस्थापन के 44 वर्ष बाद भी कई परिवार अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं। द्वितीय चरण की यात्रा के बाद सभी विस्थापित संगठनों और ग्रामीणों की सामूहिक बैठक कर आगे के आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर रैली, धरना, प्रदर्शन, भूख हड़ताल और विधानसभा घेराव जैसे लोकतांत्रिक तरीकों से आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में राकेश रंजन महतो, श्यामल मार्डी नारायण गुरु, विवेक सिंह, बाबू अवधेश मुर्मू, विष्णु महापात्र, वीर सिंह सोरेन, हरे कृष्णा महतो समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

