राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की हैं। इनमें एक स्कूटी के पार्ट्स खोल दिए गए थे।
जानकारी के अनुसार, 6-7 मई की रात सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान रंजीत दिवर और शेखर प्रमाणिक के रूप में बताई। कागजात नहीं दिखा पाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी की होने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बारीडीह हाई स्कूल के पास एक खाली क्वार्टर में छापेमारी कर दो अन्य युवकों संतोष भुईया उर्फ गोलू और राज खान उर्फ आयुब अंसारी को गिरफ्तार किया। मौके से दो चोरी की स्कूटी बरामद हुईं, जिनमें एक स्कूटी के पार्ट्स खोले जा चुके थे।
पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

