मजदूर दिवस पर सफाईकर्मियों का सम्मान, जदयू ने भेंट किए हॉट-पॉट लंच बॉक्स।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सफाईकर्मियों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक सरयू राय के निर्देश पर असंगठित मजदूर प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि अमित शर्मा के नेतृत्व में कदमा, शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 स्थित डिपो में 45 सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सफाईकर्मियों को हॉट-पॉट लंच बॉक्स भेंट किए गए। साथ ही उन्हें अंगवस्त्र और मिठाई देकर उनके योगदान का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अमित शर्मा ने कहा कि सफाईकर्मी प्रतिदिन कठिन परिश्रम कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय है।
उन्होंने बताया कि सफाईकर्मी सुबह जल्दी घर से निकलते हैं और देर शाम लौटते हैं। ऐसे में कई बार उचित लंच बॉक्स नहीं होने के कारण वे ताजा भोजन साथ नहीं ले जा पाते। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले हॉट-पॉट लंच बॉक्स उपलब्ध कराए गए, ताकि वे कार्यस्थल पर भी ताजा भोजन ग्रहण कर सकें।
हॉट-पॉट लंच बॉक्स पाकर सभी सफाईकर्मियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान उन्हें अपने कार्य के प्रति और अधिक प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, वरिष्ठ नेता शेषनाथ पाठक, श्रमिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, तारक मुखर्जी, चुन्नु भूमिज, उषा यादव, मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

