- अस्मिता सिटी लीग 2026’ का भव्य समापन, कबड्डी में बेटियों ने दिखाया दम, खेल के मैदान में गूंजा जोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में खेल प्रतिभाओं को निखारने और बालिकाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘अस्मिता सिटी लीग 2026’ का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। खेल मंत्रालय, भारत सरकार और ‘खेलो इंडिया’ के विजन के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन (खेल शाखा) द्वारा आयोजित इस लीग के अंतिम दिन सोनारी स्थित गुरु जाट संघ मैदान में रोमांचक कबड्डी प्रतियोगिता देखने को मिली, जहां शहर की बेटियों ने अपने शानदार खेल कौशल और दमखम का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। समापन दिवस पर आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें विभिन्न स्कूलों, क्लबों और संस्थानों की लगभग 140 बालिकाओं ने भाग लेकर खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन रेड और मजबूत टैकल के जरिए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जिन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और खेल के मैदान में उनका प्रदर्शन उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। कार्यक्रम में खेल संघ के कई गणमान्य सदस्य भी मौजूद रहे और सभी ने इस आयोजन को सफल बताते हुए खिलाड़ियों की सराहना की।

