जमीन विवाद में लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बागबेड़ा स्टेशन रोड स्थित पायलट लॉबी गेट के बाहर सोमवार देर रात लोको पायलट ज्ञानेंद्र कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह ड्यूटी समाप्त कर लॉबी जा रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने घात लगाकर उनके सिर में गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पत्नी रीना रानी ने जमीन विवाद को हत्या का कारण बताते हुए राजकिशोर और मधु सोनकर पर संदेह जताया है। बताया जा रहा है कि हरहरगुट्टू शिवनगर में जमीन खरीद-बिक्री को लेकर करीब 72 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद चल रहा था।
फिलहाल आरपीएफ और जिला पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सिटी एसपी ललित मीणा ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है।

