रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)

जमशेदपुर शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और महिलाओं को न्याय मिलने में हो रही देरी को लेकर समाजसेवी सह झारखंड की उप निदेशक (महिला कोषांग सशक्तिकरण), एनसीसी एवं एचडब्ल्यूओ रानी गुप्ता ने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष गंभीर मुद्दे उठाए। सोमवार को उन्होंने ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर मानगो पुल और गोलचक्कर क्षेत्र में लगने वाले भीषण जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की। रानी गुप्ता ने बताया कि विशेष रूप से स्कूलों की छुट्टी के समय दोपहर में स्थिति अत्यंत गंभीर हो जाती है, जब कड़ी धूप में स्कूली बच्चे और उनके अभिभावक घंटों जाम में फंसे रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने यातायात पुलिस से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस और त्वरित कदम उठाने की मांग की। इसके साथ ही रानी गुप्ता ने शहर की विधि-व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा करते हुए त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति लिमिटेड की संरक्षक के रूप में उन्होंने महिला थाना प्रभारी से मुलाकात कर महिलाओं को न्याय मिलने में आ रही बाधाओं को भी सामने रखा। उन्होंने एक हालिया मामले का उदाहरण देते हुए बताया कि एक पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बावजूद, आरोपी के सुनवाई में उपस्थित न होने के कारण मामला लंबित हो गया और पीड़िता को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। इस पर महिला थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि आरोपी पति को जल्द बुलाकर मामले के निष्पक्ष और शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।

