राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा: कुंडहित पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की को भगाने के आरोपी सहित एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
इस संबंध में कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि कांड संख्या 15/26 के अभियुक्त सौरव बादयकार, निवासी आसनसोल, को 27 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया। उस पर एक नाबालिग लड़की को भगाने का आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को बरामद कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इसी क्रम में कुंडहित थाना क्षेत्र से एक अन्य कार्रवाई में वारंटी गुरहु टुडू, निवासी प्रसादपुर (कुंडहित), को भी गिरफ्तार किया गया। वह जीआर संख्या 05/20 का आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में जामताड़ा जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें, जिससे समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

