राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका प्रखंड के कोवाली पंचायत अंतर्गत काशीडीह के जन वितरण दुकानदार ललिता खंड पातर से चार माह के बकाया राशन वितरण को लेकर चल रहे विवाद के बीच आखिरकार कार्डधारियों को राहत मिली है। सोमवार को प्रातः 9 बजे से ही कार्डधारियों के बीच अप्रैल माह का खाद्यान्न वितरण शुरू कर दिया गया। आज कुल 240 कार्डधारियों को अप्रैल माह का राशन दिया गया। बाकी को कल दिया जाएगा।
गौरतलब है कि काशीडीह के पीडीएस डीलर ललिता खंड पातर पर आरोप था कि वह सैकड़ों कार्डधारियों का फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दे रहा था। इस कारण जनवरी से अप्रैल तक का खाद्यान्न लंबित हो गया था, जिससे लोगों में भारी नाराजगी थी।
कार्डधारियों द्वारा डीलर के खिलाफ आंदोलन किए जाने के बाद प्रखंड आपूर्ति विभाग हरकत में आया और डीलर को तत्काल राशन वितरण के निर्देश दिए। विभाग के निर्देश के बाद अप्रैल माह का राशन वितरण शुरू किया गया। खाद्यान्न वितरण के दौरान स्थानीय मुखिया काजल बारीक एवं पंचायत समिति सदस्य देवेन महतो, जिप प्रतिनिधि मनोज सरदार ने अपने उपस्थिति में कार्डधारियों को राशन उपलब्ध कराया।

