राष्ट्र संवाद संवाददाता
प्रखंड मुख्यालय सभागार में जनगणना कार्यक्रम-2027 तथा मकान सूचीकरण के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ गम्हरिया के अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने किया। इस मौके पर उन्होंने मकान सूचीकरण तथा जनगणना के बाबत उन्हें तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को भारत सरकार द्वारा निर्गत दिशा निर्देशों का अक्षरत: पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मकान सुचिकरण और जनगणना कार्य हर हाल में निर्धारित समय सीमा तक पूरा किया जाना है। सीओ ने उक्त कार्य के दौरान धैर्य, अनुशासन तथा आमजनों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखते हुए दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने जनगणना कार्य के दौरान आंकड़ों की शुद्धता तथा गोपनीयता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश भी दिया। इस मौके पर सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक समेत कई कर्मी उपस्थित थे।

