राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा: जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं, इसलिए बचाव बेहद जरूरी है।
लोगों को सलाह दी गई है कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, खासकर दोपहर के समय। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को गमछा या तौलिया से ढंककर निकलें और हल्के, ढीले सूती कपड़े पहनें। साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ, लस्सी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।
घर के बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया गया है। किसी भी तरह की परेशानी जैसे चक्कर, कमजोरी या सिरदर्द होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने पशु-पक्षियों के लिए भी संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए घरों की छतों और बगीचों में पानी रखने को कहा है। साथ ही अस्पतालों में आवश्यक दवाओं और मेडिकल टीम को अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

