राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिकली गांव में श्मशान भूमि पर जबरन उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार कदमदीह, चांडिल और सिकली सहित आसपास के गांवों के लोग वर्षों से इस भूमि का उपयोग मृत छोटे बच्चों को दफनाने के लिए करते आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त जमीन पर संवेदक द्वारा बिना सहमति और जानकारी के उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। उनका कहना है कि यह भूमि उनकी आस्था और परंपरा से जुड़ी हुई है, ऐसे में यहां निर्माण कार्य करना उनकी भावनाओं को आहत करता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों ने चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा चांडिल थाना को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

