जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक, अवैध खनिज कारोबारियों के विरूद्ध सख्ती का निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम धालभूम श्री अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त श्री संतोष गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री राहुल जी आनंद जी, डीटीओ श्री धनंजय, डीएमओ श्री सतीष नायक, एसडीपीओ घाटशिला व अन्य डीएसपी समेत संबंधित विभागीय पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए, अंचलाधिकारी व थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े।
बैठक में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु गठित टास्क फोर्स, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही नदियों से बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने, वन क्षेत्रों में अवैध उत्खनन, परिवहन, बिना पंजीकरण संख्या वाले वाहनों की धरपकड़, अतिभारित/ ओवरलोडेड वाहनों की जांच तथा दोषी वाहन मालिकों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि 19 मार्च से 17 अप्रैल तक की खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई में 16 हाईवा, 07 ट्रैक्टर, 02 टाटा 407 कुल 25 वाहन जप्त करते हुए 07 प्राथमिकी दर्ज कराई गई । साथ ही 4 लाख 29 हजार रू. जुर्माना वसूला गया।
बैठक में खनन विभाग को विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायत एवं परिवाद की समीक्षा करते हुए अवैध खनन, ईट भट्ठा, प्रदूषण मामले, इको सेंसेटिव जोन के अंदर अवैध उत्खनन के प्राप्त शिकायत मामले पर संलित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया । अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्रों बड़े माफियाओं पर कार्रवाई बढ़ाने का निर्देश दिया गया। वन विभाग को ईको सेंसेटिव जोन के अंदर अवैध उत्खनन, क्रशर संचालन की रोकथाम पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया। पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे सघन अभियान को निरंतर जारी रखा जाए।

