जामताड़ा में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत सघन निरीक्षण, खराब चापाकल ऑन स्पॉट हुए दुरुस्त
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए “पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा” के तहत विभिन्न पंचायतों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह अभियान 9 अप्रैल से 18 अप्रैल तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पेयजल समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में आज सभी प्रखंडों के चयनित पंचायतों में वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में जांच दलों ने पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया। जामताड़ा, नारायणपुर, नाला, करमाटांड़, फतेहपुर और कुंडहित प्रखंड के कई पंचायतों में चापाकल, जलापूर्ति व्यवस्था और अन्य स्रोतों की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कई खराब चापाकलों को मौके पर ही दुरुस्त किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को तत्काल राहत मिली।
अधिकारियों ने पंचायत भवनों में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। समस्याओं के समाधान के लिए सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव भी पारित किए गए और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने बताया कि 17 अप्रैल को भी विभिन्न पंचायतों में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। इसका उद्देश्य हर गांव तक सुरक्षित और सुगम पेयजल उपलब्ध कराना है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

