जामताड़ा में संयुक्त असैनिक प्रारंभिक परीक्षा को लेकर तैयारी बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में 16 अप्रैल 2026 को झारखंड संयुक्त असैनिक (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 के सफल, स्वच्छ और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बताया गया कि जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर 19 अप्रैल 2026 को दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें कुल 3624 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी तथा मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षार्थियों की प्रवेश से पूर्व फ्रिस्किंग की जाएगी और मोबाइल सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग जांच व्यवस्था की गई है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे से सक्रिय रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

