जामताड़ा में नियोजन एवं कौशल विकास विभाग की समीक्षा बैठक, युवाओं के रोजगार पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में नियोजन एवं कौशल विकास विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने की, जिसमें जिले में रोजगार से जुड़ी योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान नियोजनालय में निबंधित युवाओं की संख्या, रोजगार मेलों के आयोजन, लाइब्रेरी सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें स्वरोजगार और निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकें।
बैठक में प्रशिक्षण केंद्रों की गुणवत्ता, प्लेसमेंट की स्थिति और प्रशिक्षण के प्रभाव का भी आकलन किया गया। नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से युवाओं तक पहुंच सके। अधिकारियों ने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी प्रशांत टुडू और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

