बिंदापाथर (जामताड़ा): पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत समीक्षा बैठक आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
बिन्दापाथर/जामताड़ा: फतेहपुर प्रखंड के धसनियां पंचायत सचिवालय में शनिवार को पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर सुदिती सुमन और प्रखंड प्रमुख अरविंद मुर्मू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में धसनिया गांव में लगभग 23 करोड़ की लागत से बनी वृहद जलमीनार से ग्रामीणों को लाभ नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। ग्रामीणों ने बताया कि धतुला यादव टोला, दुमदुमी और डागरापाड़ा सहित कई गांवों में अब तक पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। इस पर अधिकारियों ने संबंधित अभियंताओं और कंपनी प्रतिनिधि को शीघ्र सभी गांवों में जलापूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया।
साथ ही पंचायत में बंद पड़ी 12 जलमीनारों को एक सप्ताह के भीतर चालू करने और 101 खराब चापाकलों की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया। ग्रामीणों ने 24 नए चापाकल लगाने और पुराने कुओं की मरम्मत की मांग रखी, जिसे 15वें वित्त आयोग की राशि से पूरा करने की बात कही गई।
बैठक के बाद टीम ने तांबाजोर गांव में मौके पर खराब चापाकलों की मरम्मत भी कराई।

